



भागलपुर। वन प्रमंडल भागलपुर के तत्वावधान में “वन्यप्राणी सप्ताह 2025” का समापन अरण्य बिहार सुंदरवन, भागलपुर में वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री आशुतोष राज के मार्गदर्शन में विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जैव विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना था।
समापन दिवस के मुख्य कार्यक्रम में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय एवं मारवाड़ी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर क्विज प्रतियोगिता एवं वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में तिलकामांझी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के छात्र जय कुमार जय और दिव्यांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मारवाड़ी कॉलेज के छात्र आदित्य कुमार और आयन रॉय ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता में तिलकामांझी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के छात्र जय कुमार जय ने प्रथम स्थान और दिव्यांशु कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को वन प्रमंडल भागलपुर की ओर से प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री आशुतोष राज ने अपने संबोधन में कहा कि भागलपुर वन प्रमंडल जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। विक्रमशिला गांगेय डॉल्फिन आश्रयणी क्षेत्र में ‘डॉल्फिन मित्र’ के माध्यम से डॉल्फिन संरक्षण का कार्य नियमित रूप से कराया जा रहा है, जिससे डॉल्फिन की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।

उन्होंने आगे बताया कि कदवा दियारा स्थित गरुड़ प्रजनन क्षेत्र में विलुप्तप्राय पक्षी गरुड़ के संरक्षण के लिए भी वन विभाग और स्थानीय समुदायों के सहयोग से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संरक्षण कार्यों में सहयोग देने वाले स्थानीय समुदायों को वन प्रमंडल की ओर से समय-समय पर सम्मानित किया जाता है।
श्री राज ने कहा कि जैव विविधता को बनाए रखने के लिए आमजन एवं वन्यजीव प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से वन प्रमंडल भागलपुर द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

इस अवसर पर नवगछिया के वन क्षेत्र पदाधिकारी उमाशंकर रॉय, वनपाल दिनेश कुमार सिंह, वनरक्षी नीरज कुमार, रुपेश कुमार सिंह, राहुल कुमार, बीएनएचएस टीम की वर्तिका पटेल, सुस्मित, अभिलाष सहित कई वनकर्मी उपस्थित रहे।















