


फॉल्स दीवार गिरने की घटना के बाद जांच, सेतु के स्ट्रक्चर को बताया सुरक्षित
भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के नीचे फॉल्स दीवार के नदी में गिरने की घटना के बाद पुल निर्माण निगम के अभियंताओं की टीम ने शुक्रवार को सेतु का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता ज्ञान चंद्र दास ने बताया कि विक्रमशिला सेतु के मुख्य स्ट्रक्चर में किसी प्रकार की कोई खराबी (डिफॉल्ट) नहीं पाई गई है। सेतु पूरी तरह सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी रूप से फॉल्स दीवार बनाई जाती है। पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद इन दीवारों को तोड़कर हटा दिया जाना था, लेकिन किसी कारणवश उस समय इन्हें नहीं हटाया जा सका।
इसी क्रम में ऐसी ही एक फॉल्स दीवार हाल में क्षतिग्रस्त होकर नदी में गिर गई। अभियंता ने स्पष्ट किया कि यह दीवार पुल का स्थायी हिस्सा नहीं थी।
उन्होंने कहा कि जो दीवार क्षतिग्रस्त हुई है, उसे पूरी तरह तोड़कर हटा दिया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की कोई स्थिति उत्पन्न न हो।
पुल निर्माण निगम की टीम द्वारा निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि सेतु के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है।















