


नवगछिया. सोशल मीडिया पर 15 फरवरी को वायरल हुए एक वीडियो में कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवगछिया–मधेपुरा फोरलेन पर दो बाइक चालक खतरनाक स्टंट करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
मामले को संज्ञान में लेते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक ने यातायात थाना नवगछिया के थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही यातायात पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और वायरल वीडियो के आधार पर दोनों बाइक चालकों की पहचान कर ली।
जांच के बाद दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में एक वाहन पर 13,000 रुपये तथा दूसरे वाहन पर 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने दोनों चालकों को भविष्य में इस प्रकार के खतरनाक स्टंट नहीं करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी।
इसके साथ ही पुलिस ने परिजनों को भी समझाया कि वे इस तरह के जोखिम भरे कृत्यों को बढ़ावा न दें और युवाओं को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर स्टंट जैसे खतरनाक कार्य न करें और न ही किसी अन्य व्यक्ति को ऐसा करने दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।













