



नवगछिया : विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के तत्वाधान में संचालित जलज परियोजना के अंतर्गत नारायणपुर–लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित सूरज क्लासेस में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्द्रभूमियों के महत्व, उनके संरक्षण और जैव विविधता में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर जलज परियोजना के सहायक समन्वयक राहुल कुमार राज ने विद्यार्थियों को आर्द्रभूमियों की उपयोगिता, जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से उनके संबंध पर विस्तृत जानकारी दी।
राहुल कुमार राज ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि आर्द्रभूमियाँ न केवल जल स्रोतों को सुरक्षित रखने में सहायक होती हैं, बल्कि स्थानीय आजीविका, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक बनें और समाज में इसके लिए सकारात्मक संदेश फैलाएँ।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार साझा किए। अंत में कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में सूरज क्लासेस के डायरेक्टर सूरज कुमार भी उपस्थित रहे।
इस आयोजन से विद्यार्थियों में जल स्रोतों और आर्द्रभूमियों के संरक्षण के प्रति सकारात्मक जागरूकता पैदा होने की उम्मीद है।
















