



भागलपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को भागलपुर जिले में जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक सशक्त संदेश दिया। दीदियों ने जिले भर में पौधारोपण अभियान की शुरुआत करते हुए प्रभात फेरी और जागरूकता रैली निकाली, जिसमें आमजन को पर्यावरण की रक्षा एवं मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जीविका दीदियों ने ‘एक दीदी-एक पौधा’ का संकल्प लिया। जिले की 3 लाख 39 हजार से अधिक जीविका दीदियां इस अभियान से जुड़ी हुई हैं और हर एक दीदी कम से कम एक पौधा लगाएगी। इस पहल का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना है, बल्कि भविष्य में दीदियों के लिए आय के साधन भी सृजित करना है।

पौधरोपण के लिए पौधों की आपूर्ति “दीदी की नर्सरी” के माध्यम से की जा रही है। जिले में फिलहाल 23 दीदी की नर्सरी संचालित हो रही हैं, जिनमें से प्रत्येक में कम से कम 20 हजार शिशु पौधे तैयार किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री निजी पौधशाला योजना के तहत चयनित दीदियों को मनरेगा के माध्यम से यह सुविधा दी गई है। मनरेगा इन पौधों को खरीद कर जीविका दीदियों के बीच वितरित करता है।
दीदियों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आगामी चुनावों में सक्रिय मतदान की अपील भी की। उन्होंने न केवल स्वयं मतदान करने का संकल्प लिया, बल्कि दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।













