


भागलपुर। 22 अगस्त को होने वाली वोटर अधिकार यात्रा को लेकर बिहार की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और महागठबंधन के कई दिग्गज नेताओं के भागलपुर आगमन से पहले भाजपा ने तीखा हमला बोला है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि वोटर अधिकार यात्रा सिर्फ जनता को भ्रमित करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता सच्चाई जानती है और अब इस तरह की यात्राओं से गुमराह नहीं होगी।
शाहनवाज हुसैन ने जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर को भी कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पीके जहां भी जाते हैं, लंबी-लंबी बातें कर लौट आते हैं, लेकिन उनकी पार्टी में कोई सुनने वाला ही नहीं है।
प्रेस वार्ता से पहले शाहनवाज हुसैन ने कचहरी चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन भी किया।












