5
(1)

नवगछिया । वोटर अधिकार यात्रा के सातवें दिन नवगछिया में भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर पर बहस हुई है और सुप्रीम कोर्ट ने आधार को स्वीकार करने की बात कही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गया में भाषण देकर गए, लेकिन उन्होंने एक बार फिर झूठ बोला।

दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि एसआईआर के बहाने प्रवासी मजदूरों, भूमिहीन गरीबों और बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। मोदी यह कहकर जनता को गुमराह कर रहे हैं कि यह कार्रवाई बांग्लादेशियों को हटाने के लिए की जा रही है, जबकि आज तक 65 लाख कटे नामों में से एक भी बांग्लादेशी नहीं मिला। यह केवल बिहार चुनाव को प्रभावित करने और जनता को गुमराह करने की साजिश है।

उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की सरकार ने बिहार को सिर्फ निराशा दी है। डबल इंजन की सरकार पूरी तरह विफल रही है और अब अपनी नाकामी पर पर्दा डालने के लिए बांग्लादेशियों का मुद्दा उठाया जा रहा है। बिहार के मतदाताओं को सजग रहना होगा और अपने मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा। बीएलओ से लेकर जिला पदाधिकारी तक, हर स्तर पर लड़कर ही एक-एक वोट को बचाया जा सकता है।

दीपंकर ने कहा कि इस चुनाव में बांग्लादेशियों का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जबकि यह लोकतंत्र और जनादेश की चोरी है। उन्होंने अपील की कि बाबा साहब आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होना जरूरी है। इस यात्रा का संदेश है – “वोट चोर, गद्दी छोड़” – जो अब बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश में गूंजने लगा है।

सभा में भागलपुर जिले के रास्ते में मिले जनता के अपार समर्थन और स्नेह के लिए दीपंकर भट्टाचार्य ने आभार जताया। उन्होंने बताया कि यात्रा नवगछिया से कटिहार होते हुए पूर्णिया की ओर आगे बढ़ेगी और लोगों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

पोलित ब्यूरो सदस्य एवं ऐक्टू की राष्ट्रीय सचिव शशि यादव ने कहा कि इस यात्रा में महिलाओं और युवाओं की भारी भागीदारी हो रही है। एसआईआर में महिलाओं के नाम काटे जाने और बेटियों के उत्पीड़न के खिलाफ महिलाएं इस यात्रा को अपना समर्थन दे रही हैं।

स्कीम वर्करों की लोकप्रिय नेत्रियों ने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अपेक्षा है कि उनके मुद्दों पर भी यह नेतृत्वकारी मंडल आवाज उठाए। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में किसान, मजदूर, शिक्षक और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होकर बदलाव की आकांक्षा को मजबूत कर रहे हैं।

यात्रा में केंद्रीय टीम के साथ भाकपा-माले की ओर से राज्य कमिटी सदस्य एसके शर्मा, जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, ऐक्टू के राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त, प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल, कहलगांव प्रखंड सचिव महेश प्रसाद यादव, रंगरा प्रखंड प्रभारी पुरुषोत्तम दास, जिला कमिटी सदस्य आशुतोष यादव, खरीक प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव, श्यामलाल मंडल और आइसा नेता प्रवीण कुशवाहा सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: