



भागलपुर। सामाजिक संदेश पर आधारित वेब सीरीज ‘संजीदगी एक पहेली’ के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। चर्चित शिशु रोग विशेषज्ञ एवं जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह की रचना तथा समाजसेवी संजीव सुमन के निर्देशन में बन रही इस वेब सीरीज के लिए आयोजित ऑडिशन में भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ऑडिशन का मुख्य उद्देश्य अंग क्षेत्र की स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें अभिनय के क्षेत्र में एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना रहा। चयन प्रक्रिया के दौरान दर्जनों महिला एवं पुरुष कलाकारों ने अभिनय कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने ‘संजीदगी’ और ‘लापरवाही’ जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर आधारित दृश्यों की प्रस्तुति दी, जिसमें संवाद अदायगी, अभिव्यक्ति और भाव-भंगिमाओं का विशेषज्ञों द्वारा बारीकी से मूल्यांकन किया गया।

इस अवसर पर निर्माता डॉ. अजय सिंह और निर्देशक संजीव सुमन के साथ कला एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शुबराज सिंह, कत्थक कोच निवास मोदी, सहयोगी आलोक चौधरी सहित स्थानीय कलाकार नित्यानंद नितुल, माना शुक्ला, विश्वा सिंह, राज सिंह, मनीष यादव, प्रेम सिंह, मनोहर राजा, डॉ. मनीष राज, रवि शंकर, उदय कुमार, बिहारी प्रसाद, राज चौधरी, अजय कुमार, डॉ. आलोक भास्कर, रवि पोद्दार, रिया कुमारी और रानी चौधरी समेत कई प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी।

निर्माता डॉ. अजय सिंह ने कहा कि अंग प्रदेश की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है और इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं निर्देशक संजीव सुमन ने बताया कि कलाकारों का उत्साह इस बात का संकेत है कि वेब सीरीज कलात्मक रूप से समृद्ध और प्रभावशाली बनने जा रही है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 तक इसकी शूटिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
निर्माताओं के अनुसार यह वेब सीरीज मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देगी। खास तौर पर सड़क सुरक्षा और पारिवारिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों को कहानी के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। चयनित कलाकारों के नामों की आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की जानकारी दी गई है।












