



भागलपुर । भागलपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर आयुक्त शुभम कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (नगर) सहित संबंधित अभियंता और विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिस बल को बदलने का निर्देश देते हुए कहा कि नए बल की प्रतिनियुक्ति से पहले उन्हें समुचित रूप से ब्रीफ किया जाए, ताकि वे यातायात नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क किनारे लगने वाले ठेला-खोमचे यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं और जाम की स्थिति बनाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्टा पुल और स्टेशन रोड का उल्लेख किया, जहां आए दिन जाम लगा रहता है। उन्होंने स्टेशन के पास खड़ी रहने वाली बसों को भी जाम का कारण बताया और निर्देश दिया कि ऐसे वाहनों पर पेनाल्टी लगाई जाए और अवैध ठेला को जब्त कर लिया जाए।
जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि ई-रिक्शा के लिए पूर्व में निर्धारित रूट का सख्ती से पालन कराया जाए। ई-रिक्शा चालकों को मुख्य चौक-चौराहों से कम-से-कम 70 मीटर की दूरी पर रुकने का निर्देश पहले ही जारी किया गया है, जिसका अनुपालन अनिवार्य है। यदि टोटो या ऑटो निर्धारित मार्ग से अलग चलते हैं, तो उन पर जुर्माना लगाया जाए।

नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया कि शहर में स्पष्ट रूप से पार्किंग और नो-पार्किंग जोन के साथ वेंडिंग और नॉन-वेंडिंग जोन का निर्धारण किया जाए। इन वेंडिंग जोन को फूड और नॉन-फूड वेंडिंग क्षेत्र में बांटा जाए। खासकर फूड वेंडिंग जोन में दुकानदारों को डस्टबिन रखना अनिवार्य किया जाए। शहर में जितनी भी खाद्य सामग्री की दुकानें हैं, उनके सामने डस्टबिन न रखने पर दुकानदारों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, विक्रमशिला पुल के पास और एनएच-31 तथा एनएच-30 पर क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया। उन्होंने कहा कि जब कभी कोई वाहन बीच रास्ते में खराब हो जाए या हटाने की आवश्यकता हो, तो क्रेन की सहायता से शीघ्र कार्रवाई की जा सके और यातायात सुचारु बना रहे।
बैठक में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
















