



नवगछिया। जीरोमाइल के पास सड़क किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया। घायल की पहचान विवेक कुमार, पिता युगल मंडल, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी पकड़िया, थाना रुपौली, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में डायल 112 के पुलिस कर्मी संजय कुमार और रंजीत कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है और कोई उसकी मदद नहीं कर रहा है। सूचना मिलते ही दोनों जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एंबुलेंस से नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाए।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विवेक कुमार का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, विवेक कुमार के अभिभावकों और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और वे नवगछिया अस्पताल की ओर रवाना हो चुके हैं।
खबर लिखे जाने तक घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। डायल 112 के पुलिस कर्मी संजय कुमार और रंजीत कुमार नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में घायल के साथ मौजूद रहे और उसकी हर संभव मदद करते रहे।
















