



भागलपुर। बबरगंज थाना क्षेत्र से एक रहस्यमय मामला सामने आया है जिसने दो परिवारों की नींद उड़ा दी है। सरयू देवी मोहनलाल बालिका उच्च विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्राएं सोनाक्षी और जिया बीते 13 दिनों से लापता हैं। अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। जैसे-जैसे दिन गुजर रहे हैं, परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। मां की आंखें रास्ता देखते-देखते थक चुकी हैं और घर में हर पल अनहोनी की आशंका सता रही है।

जांच में एक नया मोड़ आया है। पुलिस को स्कूल के पास का CCTV फुटेज मिला है जिसमें सोनाक्षी और जिया स्कूल के अंदर प्रवेश करती दिखाई दे रही हैं। लेकिन छुट्टी के बाद दोनों छात्राएं स्कूल से बाहर कहीं नजर नहीं आतीं। सवाल उठता है कि स्कूल के अंदर ऐसा क्या हुआ कि दोनों बाहर नहीं दिखीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह और सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार खुद स्कूल पहुंचे। करीब दो घंटे तक छात्राओं के भाई, अन्य छात्राओं और प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद गुलाम मुर्तुजा से गहन पूछताछ की गई।

जिया के भाई उज्जवल कहते हैं, “हमें नहीं पता मेरी बहन किस हालत में है। मां दिनभर रोती रहती हैं, उसकी हालत खराब हो रही है।” सोनाक्षी के भाई ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा, “अगर पहले दिन से ही सही ढंग से तलाश होती तो आज शायद उनकी बहन घर पर होती।”
स्कूल प्रशासन भी सवालों के घेरे में है। पहले कहा गया था कि दोनों छात्राएं 8 जनवरी को स्कूल आई ही नहीं थीं, लेकिन CCTV फुटेज ने उस दावे की पोल खोल दी। प्रभारी प्रधानाध्यापक के जवाब अब स्पष्ट नहीं लग रहे।
सिटी एसपी ने कहा, “जांच जारी है।” लेकिन बड़ा सवाल अब भी कायम है – आखिर भागलपुर की ये दोनों बेटियां कहां हैं और क्या CCTV कैमरे किसी बड़े राज की ओर इशारा कर रहे हैं। पूरे शहर की निगाहें इस रहस्य के खुलने का इंतजार कर रही हैं।













