



नवगछिया : ऑल इंडिया पिकलबॉल संघ द्वारा आयोजित 15 लाख इनामी हैदराबाद ओपन पिकलबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया। अंडर-18 बालक वर्ग एकल में बिहार के राजीव कुमार ने रजत पदक जबकि आदित्य गुप्ता ने कांस्य पदक हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश के पार्थ ने राजीव कुमार को कड़े संघर्ष में 11-8 और 11-9 से हराया, जिससे राजीव को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं तीसरे स्थान के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में आदित्य गुप्ता ने मध्य प्रदेश के जय अग्रवाल को 12-10 और 14-12 से मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
बिहार के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर बधाइयों का तांता लग गया। केमिस्ट बॉक्स के निदेशक चंदन रुंगटा और हुआ हेवेन के निदेशक सुमित अग्रवाल ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाली 10वीं राज्यस्तरीय पिकलबॉल प्रतियोगिता के दौरान उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
बिहार पिकलबॉल संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, वरीय उपाध्यक्ष गौरी शंकर, सचिव रंजन गुप्ता, बीएन पिकलबॉल अकादमी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित राज कुमार निराला, बिहार विद्यापीठ की सहायक प्रोफेसर मिताली मित्रा और राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने भी दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं।

बिहार के खिलाड़ियों की इस सफलता से पूरे राज्य में खुशी का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि आने वाले दिनों में बिहार में पिकलबॉल खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाएगी और नए खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।













