



नवगछिया: जनता दल यूनाइटेड शिक्षा प्रकोष्ठ बिहार के प्रदेश महासचिव रवि कुमार ने महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले जिन लोगों का काम बूथ लूटना और वोटरों को धमकाना था, वही आज वोट चोरी का आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
रवि कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पुल निर्माण, महिला सशक्तिकरण, पिछड़ों और दलितों का उत्थान, अल्पसंख्यक कल्याण, रोजगार, लघु उद्योग और पेंशन जैसी सैकड़ों योजनाओं ने बिहार की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने दावा किया कि इन योजनाओं के कारण आज भी जनता का भरोसा नीतीश सरकार पर कायम है।

जदयू नेता ने महागठबंधन पर आरोप लगाया कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। यही कारण है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव केवल जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार विकास और काम की राजनीति में विश्वास करती है और इसी आधार पर जनता से वोट मांगती है।
रवि कुमार ने कहा – “हम किसी सर्वे में नहीं, सीधे सत्ता में आते हैं। हमें अपने काम पर भरोसा है और जनता का आशीर्वाद ही हमारी असली ताकत है।”
नवगछिया में जदयू नेता की यह टिप्पणी राजनीतिक हलचल का विषय बनी हुई है और इसे महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा पर बड़ा पलटवार माना जा रहा है।














