



भागलपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र भागलपुर जिले में निर्वाचन कर्तव्य पर तैनात सभी कर्मियों के लिए डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मतपत्र कोषांग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार वे सभी कर्मी — जिनमें चालक, खलासी, क्लीनर एवं पुलिसकर्मी भी शामिल हैं — जिन्होंने प्रथम प्रशिक्षण के दौरान प्रपत्र-12 (Form-12) जमा कर दिया है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

डाक मतपत्र द्वारा मतदान 29 अक्टूबर से 02 नवंबर 2025 तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 05 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान तैनात कर्मी नीचे बताए गए फैसिलिटेशन सेंटरों पर जाकर मतदान कर सकते हैं —
- इंटरस्तरीय जिला स्कूल, भागलपुर
- नवस्थापित जिला स्कूल, खिरनी घाट, भागलपुर
- मारवाड़ी पाठशाला, भागलपुर
- राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, भागलपुर
- मुस्लिम माइनॉरिटी हाई स्कूल, भागलपुर
- मुस्लिम माइनॉरिटी इंटर कॉलेज, भागलपुर

मतदान के लिए प्रत्येक कर्मी को अपना नियुक्ति पत्र और ईपीआईसी (मतदाता पहचान पत्र) या निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक को साथ लाना अनिवार्य होगा।
इसके अतिरिक्त, दूसरे चरण के मतदान वाले अन्य जिलों — जैसे औरंगाबाद, बांका, अररिया, जहानाबाद, शिवहर, सुपौल, पूर्वी चंपारण (मोतीहारी), गया, मधुबनी, जमुई, कैमूर (भभुआ), अरवल, नवादा, कटिहार, पूर्णिया, रोहतास, किशनगंज, सीतामढ़ी तथा पश्चिमी चंपारण (बेतिया) — से संबंधित निर्वाचन कर्तव्य पर तैनात कर्मियों के लिए भी अतिरिक्त फैसिलिटेशन सेंटर (AFC) की व्यवस्था की गई है।
अतिरिक्त फैसिलिटेशन सेंटर:
स्थान — इंटरस्तरीय जिला स्कूल, भागलपुर
मतदान तिथि — 30 एवं 31 अक्टूबर 2025
समय — पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 05 बजे तक
आवश्यक दस्तावेज — नियुक्ति पत्र एवं ईपीआईसी अथवा अन्य मान्य पहचान पत्र
जिला प्रशासन ने सभी निर्वाचन कर्तव्य पर तैनात कर्मियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग अवश्य करें और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ।
















