



भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 नवंबर को भागलपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की यह ऐतिहासिक सभा भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह चरम पर है।

प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 24 फरवरी को भागलपुर में किसान सभा को संबोधित कर चुके हैं। अब पुनः उनके भागलपुर आगमन की घोषणा के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज़ कर दी गई हैं, वहीं एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता सभा की तैयारी में जी-जान से जुट गए हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस जनसभा में भागलपुर सहित आसपास के 11 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह सभा न केवल एनडीए के चुनावी अभियान को गति देगी, बल्कि भागलपुर सहित पूरे अंग प्रदेश में एक नई राजनीतिक ऊर्जा का संचार करेगी।
















