5
(1)

घरेलू विवाद के बाद नशा कर पोखर में डूबने की आशंका

रेल पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंपा

नवगछिया रेल जीआरपी थाना क्षेत्र अंतर्गत माल गोदाम के पास स्थित रेलवे पोखर में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय मजदूरों ने पोखर के पानी में तैरता हुआ शव सबसे पहले देखा। शव काफी फूल चुका था और उससे दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदेशा हुआ कि मृत्यु को कई दिन बीत चुके हैं। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

ग्रामीणों की सूचना पर नवगछिया रेल जीआरपी के थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव की पहचान नवगछिया नगर के वार्ड संख्या 26, मुसहरी पट्टी निवासी दिलीप लहेरी, पिता पतिराम लहेरी, उम्र 48 वर्ष के रूप में हुई। रेल पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दिलीप लहेरी 11 नवंबर से घर से लापता थे। बताया गया कि किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से मामूली घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में वे घर से निकल गए थे। परिजन पिछले सात दिनों से जगह-जगह उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। मंगलवार दोपहर जब माल गोदाम के पास रेलवे पोखर में मजदूरों ने उनका शव देखा तो मामले का खुलासा हुआ।

शव की शिनाख्त मृतक के पुत्र सूरज कुमार ने की। घटना की जानकारी मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी उषा देवी, पुत्र सूरज कुमार, कृष कुमार, पुत्री सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि दिलीप लहेरी चूड़ी बेचने का काम करते थे और वही परिवार के अकेले कमाऊ सदस्य थे। उनके नाबालिग बच्चे पढ़ाई करते हैं। अचानक हुई इस घटना ने परिवार को गहरे आर्थिक संकट में धकेल दिया है।

नवगछिया रेल जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि शव पोखर से बरामद किया गया है। प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद के बाद नशा करने और उसके बाद पोखर में डूबने की आशंका व्यक्त की जा रही है। अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच दोनों बिंदुओं पर कर रही है—यह दुर्घटना है या इसमें कोई अन्य कारण जुड़ा हुआ है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: