5
(3)

नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया-कालिंदीनगर मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के पास रविवार की संध्या लगभग साढ़े छह बजे अज्ञात ऑटो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मायागंज अस्पताल, भागलपुर से बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच ले जाने के क्रम में मंगलवार सुबह रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान कालिंदीनगर वार्ड संख्या 13 निवासी सौरव कुमार (25 वर्ष) पिता दिलीप प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार को शाम के समय सौरव अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से रंगरा बाजार जा रहा था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ऑटो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सौरव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल सौरव को बेहोशी की हालत में रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहां उसकी स्थिति बिगड़ने पर सोमवार की रात उसे पीएमसीएच पटना भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब तीन बजे पटना पहुंचने से पहले ही सौरव ने अंतिम सांस ली। परिजन शव को लेकर घर लौट आए। घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सपना कुमारी, मां पूनम देवी, बहन काजल कुमारी, छोटा भाई लक्की कुमार और वृद्ध पिता दिलीप प्रसाद सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और दीपावली मनाने के लिए कुछ दिन पहले ही घर आया था। उसके दो छोटे बच्चे हैं — पुत्र श्रीयांश कुमार (2 वर्ष) और पुत्री इसीका रानी (5 वर्ष)। देर शाम स्थानीय गंगा घाट पर सौरव का अंतिम संस्कार किया गया, जहाँ पुत्र श्रीयांश ने मुखाग्नि दी।

इस संबंध में गोपालपुर थानाध्यक्ष पु.नि. मिथलेश कुमार ने बताया कि घटना की कोई आधिकारिक सूचना थाना को प्राप्त नहीं हुई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: