



भागलपुर : चार बिहार बटालियन के कैडेटों ने ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल ने सोमवार को एक विशेष गोष्ठी का आयोजन कर कैडेटों को सम्मानित किया।
गौरतलब है कि ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप का आयोजन 2 सितंबर से 12 सितंबर तक दिल्ली में किया गया था। इसमें देशभर के 17 डायरेक्टरेट से आए कैडेटों ने भाग लिया। भागलपुर ग्रुप के अंतर्गत चार बिहार बटालियन के कैडेटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

एसएसवी कॉलेज के मनीष कुमार और महादेव सिंह कॉलेज की विद्या कुमारी ने ऑब्सटेकल और टेंट पिचिंग प्रतियोगिता में भाग लेकर बटालियन का मान बढ़ाया। वहीं, केकेएम कॉलेज जमुई के कैडेट प्रशांत कुमार और अर्पित कुमार, तथा टीएनबी कॉलेज भागलपुर के कैडेट रमन सत्यार्थी, संजीव कुमार, तुलसी कुमारी और सोनाली कुमारी ने मैप रीडिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर बटालियन का परचम लहराया।

इन कैडेटों की सफलता में बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल के साथ सूबेदार गोपाल कृष्ण, बटालियन हवलदार मेजर संजय सिंह, हवलदार हिकमत थापा और जीसीआई पुष्पा कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गोष्ठी के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल ने सफल कैडेटों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कैडेटों का मनोबल बढ़ता है और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरणा मिलती है।













