



भागलपुर। बिहार राज्य पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पंचायत सचिवों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बिहपुर एनडीए कार्यालय में विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इंजीनियर शैलेंद्र से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने नौ सूत्री मांगों से जुड़ा ज्ञापन विधायक को सौंपा और मांगों को सरकार तक पहुंचाकर उन पर साकारात्मक पहल करने की अपील की।

विधायक शैलेंद्र ने सचिवों को भरोसा दिया कि वे इन मांगों को संबंधित मंत्री के पास पहुंचाएंगे और विधानसभा के सदन में भी सरकार के समक्ष उठाएंगे। पंचायत सचिवों ने बताया कि सरकार नौ में से छह मांगों पर विचार कर रही है, लेकिन तीन अहम मांगों पर भी ठोस निर्णय लिया जाना चाहिए। इनमें पंचायत सचिवों के स्थानांतरण व पदस्थापन के लिए नियमावली बनाना, ग्रेड पे को 2000 से बढ़ाकर 2800 करना और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के पद पर प्रोन्नति में उम्र सीमा समाप्त करना शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल में भागलपुर समेत राज्य के अन्य जिलों में पदस्थापित पंचायत सचिव शामिल थे। बैठक में ललन कुमार साह, बीरबल कुमार, अमन आदर्श, प्रीतम कुमार सुमन, बाबुल कुमार व प्रीतम कुमार सहित कई सचिव उपस्थित थे।
वहीं एनडीए कार्यालय में विधायक से मुलाक़ात के दौरान कार्यालय प्रभारी परमानंद मंडल, बिहपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दिलीप महतो, लालमोहन, अंकेश, सिंटू व सदानंद मंडल आदि भी मौजूद रहे।
















