5
(1)

भागलपुर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कहलगांव इकाई के प्रतिनिधि मंडल ने एसएसवी कॉलेज, कहलगांव के प्रभारी प्राचार्य एवं परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर आंतरिक परीक्षाओं में छात्रों के साथ हो रही समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। परिषद ने आरोप लगाया कि कॉलेज की लगातार गलतियों के कारण कई छात्र-छात्राओं को परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद अनुपस्थित घोषित कर दिया जा रहा है।

प्रतिनिधि मंडल के अनुसार, बीते चार महीनों से छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशिक ने कहा कि छात्रों की समस्या का अविलंब समाधान किया जाना चाहिए। सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रतिनिधि मंडल कॉलेज परिसर में मौजूद रहा और परीक्षा नियंत्रक से फोन पर संपर्क कर ऑन-स्पॉट छात्रों की समस्याओं का निवारण करवाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कॉलेज प्रशासन से आग्रह किया कि छात्रों को कॉलेज की गलती की वजह से दंडित न किया जाए।

पीतांबर सिंह ने कहा कि कॉलेज को अपने दायित्व को गंभीरता से समझते हुए उसे सही ढंग से निभाना चाहिए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे नियमित रूप से कॉलेज जाकर कक्षाओं में उपस्थित रहें और परीक्षाओं की जानकारी लेते रहें, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

प्रतिनिधि मंडल ने यह भी कहा कि सभी विषयों के शिक्षक अपने नैतिक दायित्व का पालन करते हुए छात्र-छात्राओं के अंक सही और गहन जांच के बाद ही भेजें। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वह बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: