5
(2)

भागलपुर। शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान स्टेशन चौक से तातारपुर इलाके तक पहुंचते ही जमकर हंगामा हो गया। नगर निगम की अतिक्रमण दस्ता टीम जैसे ही तातारपुर पहुंची और सड़क पर अवैध कब्जा कर बैठे एक दुकानदार पर चालान की कार्रवाई की, तभी अचानक एक युवक मौके पर पहुंचकर टीम को ललकारने लगा। युवक के आक्रामक रवैये को देखकर सिटी मैनेजर एवं अतिक्रमण शाखा प्रभारी ने उसे हिरासत में लेने का आदेश दिया।

ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने हंगामा कर रहे युवक को पकड़कर वाहन में बैठाना शुरू किया, तभी कुछ स्थानीय लोग बीच-बचाव में उतर आए और युवक को माफ करने की गुहार लगाने लगे। लोगों ने युवक की अधिकारियों से सीधे भिड़ने की हरकत को गलत बताते हुए उसे चेतावनी देने की बात कही। इसके बाद सिटी मैनेजर असगर अली और अतिक्रमण शाखा प्रभारी ने युवक को आगे से ऐसी गलती न करने की चेतावनी देते हुए सुरक्षा कर्मियों को उसे छोड़ देने का निर्देश दिया।

इसी दौरान तातारपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान और तेज कर दिया गया। अधिकारी मशहूर ‘बिस्किट वाली गली’ तक पहुंचे और स्पष्ट संकेत दिया कि इस गली को भी हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। सिटी मैनेजर असगर अली ने कहा कि दुकानदरों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए अल्टीमेटम दे दिया गया है। यदि चेतावनी के बाद भी सड़क पर अवैध कब्जा पाया गया, तो पहले जुर्माना लगेगा और जरूरत पड़ी तो नगर निगम यहां बुलडोजर भी चलाएगा।

अभियान के दौरान लोगों में हलचल देखी गई और कई दुकानदारों ने स्वयं ही सामान सड़क से हटाना शुरू कर दिया। नगर निगम ने यह भी साफ कर दिया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: