



भागलपुर : 23 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ओटीसी (ओरिएंटेशन ट्रेनिंग कैंप) का शुभारंभ बरौनी, बिहार में हो गया है। यह विशेष कैंप 2 दिसंबर से 11 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसमें विभिन्न बटालियनों के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ प्रभाग के कुल 500 कैडेट भाग ले रहे हैं।

कैंप कमांडेंट कर्नल रितेश मोहन ने उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता विकसित करने वाला संगठन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक दायित्व और सेवा भावना को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंप युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, जो उनके व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कैंप के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, फील्डक्राफ्ट, मैप रीडिंग, हथियार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा आपदा प्रबंधन जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अपने अनुभव साझा करते हुए कर्नल रितेश मोहन ने बताया कि उनके अंदर भी पहले आत्मविश्वास की कमी थी और स्टेज फियर हुआ करता था। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने डर का सामना कर आत्मविश्वास विकसित किया। यह प्रेरणादायक अनुभव साझा करके उन्होंने कैडेट्स को मानसिक रूप से मजबूत बनने और अपने अंदर छिपी क्षमताओं को पहचानने की प्रेरणा दी।
उन्होंने सभी कैडेट्स को सफल प्रशिक्षण की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ अपने अंदर के कौशलों का विकास करना आवश्यक है। जब युवा अपने कौशलों को निखारते हैं, तब वे न केवल स्वयं का उत्थान करते हैं, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। देशभक्ति की भावना के साथ किया गया हर कार्य राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम होता है।”
कैंप की शुरुआत ऊर्जा, उत्साह और अनुशासन के साथ हुई, और यह उम्मीद जताई जा रही है कि यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।














