


भागलपुर के गोराडीह प्रखंड स्थित विशनपुर जिछो पंचायत में राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन भारत की जिला इकाई द्वारा लोदीपुर थाना पुलिस और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अवैध नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली की शुरुआत लोदीपुर थाना परिसर से की गई। इसके बाद यह रैली यादव टोला, हरिजन टोला होते हुए जनसंवाद के माध्यम से मुस्लिम टोला और कुशवाहा टोला से गुजरते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। अभियान के दौरान लोगों को अवैध नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया।
इस मौके पर संगठन के मीडिया प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव विभूति सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार हो रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा और नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संगठन की ओर से 9931250649 नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर लोग सूचना दे सकते हैं।
वहीं विशनपुर जिछो पंचायत के मुखिया आशुतोष महलदार ने कहा कि इससे पहले भी इस तरह का अभियान चलाया जा चुका है और आगे भी संगठन के सहयोग से इस प्रकार के जागरूकता अभियान जारी रहेंगे।
इस अवसर पर रोजगार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार, लोदीपुर थाना अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, पुलिस निरीक्षक शिलानाथ सिंह, सरपंच दिनेश राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।















