



नवगछिया : खरीक बाजार स्थित बाबा गणिनाथ धाम मंदिर में शनिवार को एक दिवसीय 21वां वार्षिक पूजनोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलन और फीता काटकर भागलपुर जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष अनंत प्रसाद उर्फ़ टुनटुन साह, पूर्व जिला परिषद सदस्य सीमा गुप्ता, इंजीनियर नंदकिशोर साह, खरीक बाजार की मुखिया इंदु देवी, प्रखंड प्रमुख दल्लू प्रसाद यादव, पत्रकार मनीष अकेला, सूचना मंत्री परशुराम साह, पूर्व अध्यक्ष शंकर प्रसाद तथा संचालनकर्ता निरंजन साह सहित अन्य अतिथियों द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह ने कहा कि बाबा गणिनाथ धाम की महिमा अपार है, जिसके कारण यहां प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। उन्होंने भव्य मंदिर निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
पूर्व जिला परिषद सदस्य सीमा गुप्ता ने कहा कि बाबा गणिनाथ की ख्याति बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में फैली हुई है। वहीं इंजीनियर नंदकिशोर साह ने कहा कि लोक संस्कृति और साहित्य का संगम स्थल माने जाने वाले इस धाम में सालभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
पुनरुत्थान पत्रिका के संपादक गोपाल भारतीय ने अपने संबोधन में बाबा गणिनाथ की महिमा पर विस्तृत प्रकाश डाला। कटिहार से आए मनोज साह और पत्रकार मनीष अकेला ने मेले के विस्तार और मंदिर के सर्वांगीण विकास की आवश्यकता पर जोर देते हुए बाबा के पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा दी।

समारोह को निरंजन साह और शंकर प्रसाद साह ने भी संबोधित किया। अपने संबोधन में निरंजन साह ने समाज में बच्चियों की सामूहिक शादी और शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें गणिनाथ रथ के साथ बाजार का नगर भ्रमण कराया गया। यह यात्रा खरीक मुख्य बाजार से बम काली मंदिर तक निकाली गई। इसके बाद मंदिर परिसर में अभ्युदय ध्वज का झंडोतोलन किया गया।
खुले अधिवेशन के पूर्व मेधावी छात्र-छात्राओं को पूजा समिति की ओर से अंगवस्त्र, मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए रात में ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। इस महोत्सव में वैशाली, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, बेगूसराय, जमालपुर, मधेपुरा, सहरसा, किशनगंज, अररिया, पटना सहित बिहार के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के सूचना मंत्री परशुराम साह, अध्यक्ष दिनेश प्रसाद साह, उपाध्यक्ष अशोक साह, कोषाध्यक्ष महेश साह, युवाध्यक्ष विनोद कुमार, युवा सचिव प्रिंस कुमार, महिला अध्यक्ष रेणु देवी, संयोजक शंकर प्रसाद साह, पिंकू साह, मुखिया प्रतिनिधि विजय साह, निरंजन साह सहित पूरी समिति सक्रिय रही।













