



स्व. सुधा देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजन
नवगछिया। बाबा गणिनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन नवगछिया स्टेशन रोड निवासी डॉ. पंकज कुमार साह द्वारा उनकी पत्नी स्वर्गीय सुधा देवी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी स्मृति में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सुधा देवी के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर की गई। इस मौके पर बाबा गणिनाथ सेवा समिति के सदस्यों के साथ-साथ रेलवे प्रशासन के कर्मचारी व शोकाकुल परिवार के सदस्य भी शामिल हुए।
भोजन वितरण में खिचड़ी और पापड़ की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही जरूरतमंद लोग स्टेशन परिसर में एकत्र होने लगे और पंक्तिबद्ध होकर पूरे सम्मान के साथ भोजन ग्रहण करते नजर आए। सभी ने इस सेवा कार्य के लिए समिति और सहयोगी परिवार के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती ने लोगों से अपील की कि ऐसे पुण्य कार्यों में हर किसी को भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह के सेवा कार्यक्रमों में सहयोग करना चाहते हैं, वे संस्था से संपर्क कर सकते हैं। वहीं संस्था के सचिव संदीप गुप्ता ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और ऐसे कार्यों में सभी को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त साह, कोषाध्यक्ष विवेकानंद कुमार, शशि शेखर कुमार, नीरज कुमार, डॉ. पंकज साह, रंजीत कुमार साह, धर्मेंद्र कुमार, समाजसेवी शिक्षक सुबोध कुमार समेत कई सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













