5
(1)

भागलपुर । पीरपैंती–बाराहाट एनएच 133 पर बुधवार की देर शाम एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। बाबूपुर मोड़ के पास एक अनियंत्रित जुगाड़ गाड़ी ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायलों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसी दौरान जुगाड़ वाहन का चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर रोके रखा। घटनास्थल पर मौजूद एक समाजसेवी ने मानवता दिखाते हुए अपनी स्कॉर्पियो से दोनों युवकों को तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सक डॉ. गणेश खंडेलिया ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की पहचान गोकुल मथुरा गांव निवासी गोपाल महतो के पुत्र राजन कुमार महतो तथा लकड़ाकोल निवासी राम पुकार यादव के पुत्र संदीप कुमार यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक बाराहाट बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

डॉक्टरों के अनुसार दोनों युवकों के बाएं पैर में गहरी चोटें आई हैं और हड्डी टूटने की आशंका है। स्थिति गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए दोनों को भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच 133 के इस हिस्से पर दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तेज रफ्तार व जुगाड़ गाड़ियों के अवैध और लापरवाह संचालन से राहगीरों की जान रोजाना जोखिम में रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस एवं प्रशासन अब तक इस मार्ग पर सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: