



नवगछिया – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदर्श मध्य विद्यालय, तिनटंगा दियारा, रंगरा चौक ने एक बार फिर राष्ट्रभक्ति की अनोखी मिसाल पेश की। प्रतिवर्ष गंगा और कोसी की बाढ़ के कारण विद्यालय परिसर जलमग्न रहता है, फिर भी यहां तिरंगा पूरे सम्मान के साथ फहराया जाता है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक नितेश कुमार ने बताया कि बाढ़ अब इस विद्यालय की नियति बन गई है, लेकिन जलभराव के बावजूद हर साल तिरंगा उसी उत्साह और सम्मान के साथ फहराया जाता है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति की भावना यहाँ के शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावकों में इतनी गहराई तक समाई है कि कठिन से कठिन परिस्थितियाँ भी उन्हें राष्ट्रीय पर्व मनाने से नहीं रोक पातीं।
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर व संस्कृताचार्य डॉ. शिवनाथ रविदास उर्फ चहकनाथ भागलपुरी ने इस अवसर पर कहा कि यह विद्यालय विपरीत परिस्थितियों में भी देशप्रेम की प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत करता है। बाढ़ के पानी में खड़े होकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देना, राष्ट्रगान और झंडा गीत की प्रस्तुति देना, यहाँ की सच्ची देशभक्ति को दर्शाता है।

समारोह में डॉ. शिवनाथ रविदास के क्रांतिकारी भाषण और प्रधानाध्यापक नितेश कुमार के उद्बोधन ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। जलभराव के बावजूद सभी ने पूरे उत्साह से राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत और झंडा गीत का सामूहिक गायन किया।
इस अवसर पर डॉ. शिवनाथ रविदास, प्रधानाध्यापक नितेश कुमार, वरिष्ठ शिक्षक जयप्रकाश सिन्हा, राजेश कुमार, प्रवीण कुमार जायसवाल, चंदा कुमारी, आयुष आनंद, दिनेश मंडल, बिहारी मंडल सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे।















