



भागलपुर में मंगलवार को एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तीन दोस्त बाइक से बैंक खाता में मोबाइल नंबर लिंक करवाने जा रहे थे। रास्ते में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के थाना चौक के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से घायलों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां स्थिति नाजुक होने पर उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। यह पता नहीं चल सका कि किसी अन्य वाहन की टक्कर लगी या बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। घायल युवकों की हालत गंभीर होने तथा मुंह से ठीक से बोल नहीं पाने के कारण घटना का सही कारण सामने नहीं आ सका।

हादसे में अंकित के मुंह पर गहरी चोटें आई हैं और अधिक खून बहने से उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। अमित की पीठ पर गंभीर चोट है, वहीं राजदीप के सीने में गहरी चोटें आई हैं। तीनों का इलाज फिलहाल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मायागंज में जारी है।
घायल अंकित के भाई नीतिश कुमार ने बताया कि अंकित कुमार और अमित कुमार तारापुर बैंक में अपने खाते में मोबाइल नंबर लिंक करवाने जा रहे थे। राजदीप उनके साथ कैसे जुड़ गया और वे संग्रामपुर की ओर क्यों चले गए, इसकी जानकारी परिवार वालों को नहीं है। घटना संग्रामपुर थाना के ठीक सामने हुई। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जप्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।















