



भागलपुर: बरारी गंगा घाट पर रविवार को जीवन जागृति सोसाइटी के पुनः अध्यक्ष बनाए जाने पर डॉ. अजय कुमार सिंह का नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और युवा उपस्थित थे। लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अजय कुमार सिंह ने गंगा में डूबने की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आम लोगों को जल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि डूबने की स्थिति में समय पर उचित कदम उठाकर किसी की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने मौके पर उपस्थित लोगों को सीपीआर (CPR) पद्धति का प्रशिक्षण भी दिया और बताया कि यदि डूबने के कारण व्यक्ति की सांसें रुक जाएं तो किस तरह प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान बचाई जा सकती है। उपस्थित लोगों ने इस जानकारी को अत्यंत उपयोगी बताया और अभ्यास सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा किनारे स्नान या जल क्रीड़ा करने वालों को सुरक्षित रखने के लिए आमजन को जागरूक करना था। डॉ. अजय ने कहा कि समाज में हर व्यक्ति यदि थोड़ी सी प्राथमिक चिकित्सा जान ले तो कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने डॉ. अजय कुमार सिंह के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व में जीवन जागृति सोसाइटी से भविष्य में और अधिक जनकल्याणकारी कार्यों की उम्मीद जताई।













