5
(1)

भागलपुर : बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में एमएसएम समता कॉलेज, जंदाहा (वैशाली) में आयोजित आमंत्रण कप एकदिवसीय सीनियर बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में बेगूसराय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में बेगूसराय ने समस्तीपुर को कड़े संघर्ष में 35-30, 35-32 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग के फाइनल में भी बेगूसराय की टीम ने समस्तीपुर को 35-32, 35-28 से शिकस्त देकर दोहरा खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता में जंदाहा की टीम को पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। जंदाहा महिला टीम की ओर से रंजना रानी ने सराहनीय खेल का प्रदर्शन किया।

पुरुष वर्ग के फाइनल में बेगूसराय की ओर से कप्तान छोटू कुमार, आर्यन कुमार और शिवम कुमार ने प्रभावी खेल दिखाया। वहीं महिला वर्ग में कप्तान पूनम कुमारी के साथ युक्ता रानी और कशिश कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को विजय दिलाई। पुरुष वर्ग में मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार आर्यन कुमार को, जबकि महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार युक्ता रानी को प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मोहम्मद शाकिब, मिथिलेश कुमार और दिनकर कुमार ने निभाई।

प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में बॉल बैडमिंटन खेल को लोकप्रिय बनाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है और खेलकूद जीवन को सुखमय तथा अनुशासित बनाता है।

फाइनल मैच के उपरांत विजेता एवं उपविजेता टीमों के बीच पुरस्कार वितरण भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के संयुक्त सचिव गौरी शंकर, एमएसएम समता कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार सिंह तथा दंत चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। समारोह की अध्यक्षता आयोजन अध्यक्ष फैसल अहमद ने की। अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव मोहम्मद सलमान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कॉलेज के खेल प्रभारी डॉ. गुड्डू कुमार सिंह ने किया। मंच संचालन बेगूसराय जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव विकास कुमार ने किया।

इस अवसर पर जदयू शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर कुमार मिश्रा, जंदाहा प्रखंड के पूर्व बीस सूत्री सदस्य मो. शाहबुद्दीन, राजा बिहारी, चंदन झा, सुबोध पासवान, मोहम्मद सरफराज, पंकज राय, राकेश कुमार राम, आमिर अहमद सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम संबंधी जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार द्वारा दी गई।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: