



भागलपुर। बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव रविवार को टाउन हॉल में आयोजित कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले महिलाओं से संवाद स्थापित किया और राजद गठबंधन की सरकार बनने पर योजनाओं को प्राथमिकता से लागू करने का वादा किया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर बिहार में उनकी सरकार बनी, तो *’माई बहिन मान योजना’ के तहत हर महिला को हर महीने ₹2500 दिए जाएंगे। इसके साथ ही, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त कर दी जाएगी। उन्होंने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन को ₹400 से बढ़ाकर ₹1500 करने और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत घटाकर ₹500 करने की भी घोषणा की।

हर परिवार को ₹6000-₹7000 का लाभ
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार हर परिवार को हर महीने लगभग ₹6000 से ₹7000 का आर्थिक सहयोग देगी। यह कदम गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन स्तर को सुधारने के लिए उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए राजद गठबंधन की योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया गया है। कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने तेजस्वी यादव के वादों का जोरदार समर्थन किया।














