



भागलपुर। भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग प्रशासन ने 12 सितंबर को कॉलेज कैंपस में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद मंगलवार को बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार दर्जनों छात्रों को निलंबन, जुर्माना और ब्लैक डॉट जैसी सख्त सजाएं दी गई हैं।
आदेश में तीन श्रेणियों के तहत कार्रवाई की गई है। पहली श्रेणी में 10 छात्रों को एक वर्ष के लिए निलंबित किया गया है। दूसरी श्रेणी में 12 छात्रों को एक-एक ब्लैक डॉट और 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं तीसरी श्रेणी में 16 छात्रों को एक ब्लैक डॉट के साथ 10 हजार रुपये का जुर्माना देना होगा। आदेश में जिन छात्रों के नाम दर्ज हैं, उनमें सिविल समेत विभिन्न विभागों के विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें मुरलीधर कुमार, अंकेश किरण, अस्तित्व कौशल, निशांत भूषण, आलोक कुमार, अमंत कुमार, ऋषभ राज, कुमार आदित्य, अभिषेक आनंद और सत्यं कुमार के नाम प्रमुख हैं। दूसरी और तीसरी श्रेणी की सूचियों में अन्य कई छात्रों के नाम भी शामिल हैं।

कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीन गतिविधियों में शामिल छात्रों को किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में कोई छात्र इस तरह की घटनाओं में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है मामला
12 सितंबर को कॉलेज कैंपस में छात्रों के बीच विवाद मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया था। घटना में कुछ छात्रों ने सीसीटीवी फुटेज देखकर हमलावरों की पहचान की और एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद करीब 50 छात्रों का झुंड, ज्यादातर हेलमेट पहनकर, मेन बिल्डिंग में घुस आया और उन छात्रों पर हमला कर दिया जिन्होंने हमलावरों की पहचान की थी।

इस घटना ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर इसलिए कि इसी कैंपस में ट्रिपल आइटी भी संचालित होता है, जहां बाहरी छात्र पढ़ाई करते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं संस्थान की छवि को धूमिल करने के साथ-साथ छात्रों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा करती हैं।














