



भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 गोलाघाट गढ़िया में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय मीरा कुमारी के रूप में हुई है। उसका शव ससुराल से बरामद किया गया।

ससुराल पक्ष का कहना है कि मीरा ने फांसी लगाकर जान दे दी, लेकिन मायके वालों ने इस दावे पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतका के पिता दर्शन मेहता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
दर्शन मेहता के अनुसार, घटना की जानकारी उन्हें मृतका के पति विजय कुमार ने फोन पर दी। उसने कहा कि उसकी पत्नी ने फांसी लगा ली है और वे उसे डॉक्टर के पास ले गए हैं। लेकिन पिता का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि ससुराल पक्ष द्वारा रची गई हत्या है।

मृतका की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। पिता का आरोप है कि शादी के समय दान-दहेज दिया गया था, इसके बावजूद बेटी को तंग किया जाता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही तातारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका का पति घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
फिलहाल मृतका का पूरा परिवार गहरे सदमे में है और न्याय की गुहार लगा रहा है। अब देखना है कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।
















