



भागलपुर स्थित टीएनबी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से मंगलवार को छात्रों की कक्षा में उपस्थिति बढ़ाने और उन्हें नियमित रूप से कॉलेज आने के लिए प्रेरित करने हेतु रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता में एमजीसी सेमेस्टर-1 और सेमेस्टर-4 के छात्र-छात्राओं के बीच मुकाबला हुआ। कक्षा में उपस्थिति के आधार पर 20-20 छात्र और छात्राओं का चयन कर प्रतियोगिता में शामिल किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दीपो महतो, विभागाध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार और डॉ. राजेश कुमार सुमन ने संयुक्त रूप से किया।
डॉ. सुमन कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नियमित उपस्थिति दर्ज करने वाले छात्रों का उत्साह बढ़ता है और कम आने वाले छात्र भी प्रेरित होते हैं। प्रतियोगिता में छात्रों के वर्ग में एमजीसी सेमेस्टर-4 ने सेमेस्टर-1 को हराया, जबकि छात्राओं के वर्ग में एमजीसी सेमेस्टर-1 की छात्राओं ने सीनियर सेमेस्टर-4 को मात देकर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक और रेफरी की भूमिका पीटीआई डॉ. उमेश पासवान और अकरम अली ने निभाई। वहीं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार, प्रो. नवनीत कुमार, प्रो. अजीत कुमार, महाराणा प्रताप और सुधीर साह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अर्थशास्त्र विभाग के छात्र देव सूरज ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को कॉलेज आने के लिए प्रेरित करते हैं और उनमें संस्थान के प्रति सम्मान व जुड़ाव की भावना बढ़ाते हैं। वे स्वयं भी प्रतियोगिता में प्रतिभागी रहे और उनकी टीम ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की।
क्लास में उपस्थिति बढ़ाने के लिए टीएनबी कॉलेज में रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता आयोजित













