



भागलपुर जिलान्तर्गत नाथनगर अंचल कार्यालय में मंगलवार को बाढ़ पीड़ितों ने राहत राशि नहीं मिलने को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। गोसाईदासपुर, दिलदारपुर समेत कई पंचायतों के लोग अंचल कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की। पीड़ितों का कहना था कि पिछले साल की भीषण बाढ़ में भी उन्हें सरकारी सहायता राशि नहीं दी गई थी। इस बार भी सभी आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद अब तक उनके खातों में कोई राशि नहीं भेजी गई है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर इस बार भी राहत राशि नहीं दी गई तो वे सीधे जिला पदाधिकारी से मिलकर अपनी बात रखेंगे। प्रदर्शन में रत्तीपुर बैरिया पंचायत के मुखिया प्रमोद यादव, वार्ड सदस्य दिलचन महतो और राघोपुर पंचायत के मुखिया धारो राय समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे।

मौके पर मौजूद बाढ़ पीड़ित राजेंद्र महतो ने कहा कि वे गंगा किनारे दियारा क्षेत्र में रहते हैं, जहां हर साल बाढ़ से सब्जियां और फसलें नष्ट हो जाती हैं, साथ ही घरेलू सामान भी पानी में डूब जाता है। महिला पीड़िता कलावती देवी ने बताया कि बाढ़ में अनाज तक डूब जाता है और सहायता राशि नहीं मिलने से परिवार की परेशानी और बढ़ जाती है।
वहीं, इस पर नाथनगर अंचल कार्यालय के नाजिर ने आश्वासन दिया कि काम विधिवत चल रहा है और राहत राशि सभी के खातों में भेजी जा रही है। इस बावत भागलपुर सदर के अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर अंचल स्तर से शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।













