



भागलपुर । खगड़िया जिले के बरखंडी टोला गांव में दहेज के विवाद को लेकर एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मुंगेर जिले के जगदंबापुर फरदा गांव निवासी हागो यादव की पुत्री डीसी कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, डीसी कुमारी की शादी करीब एक साल पहले खगड़िया के विभीषण यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे। मृतका के पिता हागो यादव ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग शादी में सोने की चेन नहीं मिलने से नाराज थे और इसी को लेकर उनकी बेटी को लगातार धमकी और प्रताड़ना दी जाती थी।
हागो यादव ने बताया कि उन्होंने दामाद और ससुराल पक्ष को समझाया था कि दो-तीन महीने रुकने के बाद पैसे आने पर उनकी मांग पूरी कर दी जाएगी। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले नहीं माने और उनकी बेटी की हत्या कर दी। मृतका के एक साल की बच्ची भी है।

घटना की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। हालांकि वहां के डॉक्टरों ने शव को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है। परिजन ससुराल वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













