



भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगारी गांव में रविवार की सुबह एक युवक मोबाइल चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने उसे करीब दो किलोमीटर तक दौड़ाकर पकड़ने के बाद पेड़ से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, अंगारी गांव निवासी अभय कुमार के घर में सुबह चोरी की नीयत से एक युवक घुस आया। घर की महिलाओं ने उसे देख लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और चोर को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। आरोपी युवक बचकर भागने लगा, लेकिन करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया।

इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसे पेड़ में बांधकर मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

ग्रामीण खगेश सिंह ने बताया कि इलाके में लगातार मोबाइल और पैसों की चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिसके कारण लोग सतर्क थे। रविवार की सुबह चोर को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। आरोपी युवक ने अपना घर पुरैनी बताया है।
इधर, अभय कुमार के परिवार ने इस मामले में जगदीशपुर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देने की बात कही है। हालांकि, इस घटना से संबंधित वायरल वीडियो / फ़ोटो की पुष्टि हमारा चैनल नहीं करता है।














