



भागलपुर। शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में 3 जनवरी से भागलपुर क्रिकेट लीग सीजन–4 की भव्य शुरुआत होने जा रही है। इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस बार लीग में कुल 8 टीमें भाग लेंगी, जिनके अलग-अलग ओनर होंगे, जिससे प्रतियोगिता और भी रोमांचक बनने की उम्मीद है।

इस सीजन की सबसे खास बात यह है कि टूर्नामेंट में बिहार के खिलाड़ियों के साथ-साथ बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड और हरियाणा जैसे राज्यों के खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगे। विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबलों का स्तर ऊंचा होने के साथ दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।
आयोजक विजय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि भागलपुर क्रिकेट लीग का आयोजन पिछले तीन वर्षों से लगातार किया जा रहा है। शुरुआती दौर में जहां लीग में 6 टीमें हिस्सा लेती थीं, वहीं इस बार टीमों की संख्या बढ़ाकर 8 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल अनुभव देने के उद्देश्य से क्रिकेट पिच और मैदान को उच्चस्तरीय बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, इस लीग का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर प्रदान करना है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने और आगे बढ़ने का मंच मिल सके। भागलपुर क्रिकेट लीग सीजन–4 से शहर में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलने के साथ-साथ युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और बढ़ेगा।
क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि सैंडिस कंपाउंड में होने वाला यह टूर्नामेंट शहर के लिए क्रिकेट के महाकुंभ के रूप में यादगार साबित होगा।













