


भागलपुर। खेल विभाग, बिहार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन भागलपुर द्वारा आयोजित वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के तहत जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता अब 23 से 26 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन सैंडिस कंपाउंड खेल परिसर भागलपुर सहित शहर के विभिन्न खेल स्थलों पर किया जाएगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के निदेशानुसार तथा विद्यालयों में चल रही अर्द्ध वार्षिक परीक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी, भागलपुर के आदेश पर प्रतियोगिता की तिथि में परिवर्तन किया गया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 23 सितंबर को सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में होगा।
जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के नियमित छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों — अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 — में आयोजित होगी। एक खिलाड़ी केवल एक ही खेल विधा में हिस्सा ले सकेगा।
निबंधन की अंतिम तिथि 18 सितंबर निर्धारित की गई है। विद्यालय अपने छात्र-छात्राओं का विवरण पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय, खेल भवन सह व्यायामशाला भवन, तिलकामांझी चौक, भागलपुर में जमा कर सकते हैं। सभी आवेदन पत्र विद्यालय प्रधान के नामित शिक्षक अथवा कर्मचारी के माध्यम से अग्रसारण पत्र के साथ ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी परिस्थिति में सीधे विद्यालय से आवेदन नहीं लिया जाएगा।
आवेदन पत्र के साथ खिलाड़ियों को आधार कार्ड और पिछले वर्ष का अंक प्रमाणपत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। दलिए खेलों में पूरी टीम का होना आवश्यक है, तभी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। हालांकि क्रिकेट प्रतियोगिता की जगह चयन ट्रायल आयोजित कर टीम का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागलपुर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। सफल संचालन हेतु कई समितियों का गठन किया गया है और निबंधन कार्य प्रारंभ हो चुका है। अभी तक लगभग 300 खिलाड़ियों ने फार्म जमा कर दिया है।












