



भागलपुर। भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल ने पटना में बिहार यातायात पुलिस के उप महानिरीक्षक सुशांत कुमार सरोज से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्री सरोज को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य व सफल कार्यकाल की कामना की।

मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में हुई, जहां दोनों के बीच सामाजिक सद्भाव, कानून-व्यवस्था, यातायात सुरक्षा तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ। विपीन कुमार मंडल ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना आज की बड़ी आवश्यकता है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

वहीं डीआईजी यातायात सुशांत कुमार सरोज ने भी यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से ट्रैफिक प्रबंधन को और बेहतर करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के आपसी सहयोग से ही यातायात व्यवस्था को प्रभावी और सुचारू बनाया जा सकता है।
मुलाकात के अंत में दोनों ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता, शांति और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।













