



भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र स्थित सिमानपुर गांव के तीन दोस्तों की बाजार जाने की सामान्य यात्रा शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। मेहरमा थाना क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान सिमानपुर निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार, पिता रामजी मंडल, और पिंटू कुमार मंडल के रूप में हुई है। तीसरे घायल युवक का नाम संदीप कुमार है, जिसका इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार तीनों युवक दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच मोटरसाइकिल से बाजार जाने निकले थे। लगभग शाम 5 बजे मेहरमा क्षेत्र में यह हादसा हुआ। शुरुआत में परिवार को इस दुर्घटना की कोई जानकारी नहीं थी। उन्हें इसकी सूचना मेहरमा थाना पुलिस द्वारा दी गई, जिसके बाद परिजन तत्काल मेहरमा अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिंटू कुमार मंडल की मौत घटना स्थल पर ही हो गई थी। उनका पोस्टमार्टम गोड्डा में कराया गया।

घटना की सूचना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।














