



भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर घटते ही मानिकसरकार मोहल्ले में कटाव ने विकराल रूप ले लिया है। नदी के बिल्कुल किनारे बसे इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में मिट्टी तेजी से धंस रही है, जिसके कारण कई मकान, दुकानें और बहुमंजिली इमारतें नदी में समाने के कगार पर पहुंच गई हैं। कटाव इतनी तेज गति से बढ़ रहा है कि लोगों में दहशत फैल गई है और वे किसी बड़ी दुर्घटना के भय से अपने घर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपने घरों का सामान खुद ही सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं, क्योंकि अभी तक कोई अधिकारी, राहत टीम या तकनीकी जांच दल स्थल पर नहीं पहुंचा है। लोगों ने बताया कि कटाव लगातार आगे बढ़ रहा है और हर घंटे स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

निवासियों के अनुसार गंगा किनारे बसे इस मोहल्ले में तटबंध या सुरक्षा दीवार नहीं होने से हर साल कटाव का खतरा बना रहता है, लेकिन इस बार हालात पहले से कहीं अधिक चिंताजनक हो गए हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अभी तक न तो कोई निरीक्षण किया गया है और न ही राहत के कोई इंतजाम किए गए हैं।
मोहल्ले के लोगों ने जिला प्रशासन से तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने, कटाव रोकने के उपाय करने और प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित राहत कैंप की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि जान-माल के संभावित बड़े नुकसान से बचा जा सके।














