


भागलपुर। खेल विभाग बिहार सरकार के द्वारा भागलपुर के दो और प्रखंडों में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना अंतर्गत प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति मिली है। खरीक प्रखंड के उच्च विद्यालय खरीक एवं इस्माइलपुर प्रखंड के परबता में आउटडोर स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति विभाग के द्वारा दी गई है। इन स्टेडियम के निर्माण में लगभग दो-दो करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इन स्टेडियम में दर्शक दीर्घा, चारो तरफ चहारदिवारी, दो व्हीकल गेट, महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, टॉयलेट ब्लॉक सहित समरसेबल पानी टंकी नल, बिजली वायरिंग कनेक्शन, पंखा तथा पवेलियन की सुविधा उपलब्ध होगी। इन स्टेडियम के स्वीकृति के साथ ही भागलपुर के कुल 15 प्रखंडों में स्टेडियम निर्माण का लक्ष्य पूरा हो गया है।

भागलपुर के प्रखंड नारायणपुर में भी अगले सप्ताह तक स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति मिल जाने की संभावना है। नारायणपुर प्रखंड के उच्च विद्यालय के खेल मैदान में स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति हेतु जिला पदाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी के माध्यम से जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार के द्वारा यह प्रस्ताव पूर्व में ही विभाग में भेज दी गई है। जानकारी देते हुए जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि अपर मुख्य सचिव खेल विभाग बिहार सरकार के द्वारा सभी जिला खेल पदाधिकारी को पूर्व से निर्मित स्टेडियम में खेल गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व से विद्यालय पब्लिक महाविद्यालय में निर्मित स्टेडियमों को विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवंशारीरिक शिक्षक के नेतृत्व में संचालन किया जाएगा।
