



भागलपुर। महागठबंधन की मतदाता अधिकार यात्रा शुक्रवार को भागलपुर पहुंची, जहां कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चुनाव आयोग पर सीधा निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर मतदाताओं की सूची से लाखों नाम काटे जा रहे हैं। यह काम चुनाव आयोग की मदद से हो रहा है और प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल वोट चोरी नहीं बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा – “वोट चोर गयाजी आए लेकिन चुनाव आयोग की मदद से हो रही वोट चोरी पर एक शब्द भी नहीं बोले। यह साफ दर्शाता है कि भाजपा लोकतंत्र से डरती है और जनता का भरोसा खो चुकी है।”

इस अवसर पर राजद नेता व बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों, किसानों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। रोजगार के अवसर खत्म कर दिए गए हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है, जबकि मोदी सरकार केवल उद्योगपतियों के हित साधने में लगी है।
जनसभा में कांग्रेस व राजद के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भाकपा (माले) और वामदलों के समर्थक भी शामिल हुए। लोगों ने “वोट हमारा – हक़ हमारा” और “लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन के नेताओं ने कहा कि बिहार की जनता अपने मताधिकार की चोरी किसी भी कीमत पर नहीं होने देगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें और चुनाव आयोग की किसी भी गड़बड़ी का विरोध करें।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में युवाओं और महिलाओं का विशेष जिक्र करते हुए कहा कि अगर जनता जागरूक रहे तो भाजपा की साजिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बिहार की जनता के अधिकारों की रक्षा करेगा और लोकतंत्र बचाने की हर लड़ाई लड़ेगा।
सभा के दौरान भागलपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंच पर कांग्रेस, राजद और वामपंथी दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर एकजुटता दिखाई।













