



भागलपुर । सन्हौला प्रखंड के अरार-धुआवै पंचायत स्थित श्री चंडिका मिश्रीलाल कृष्ण प्रसाद उच्चतर माध्यमिक प्लस टू विद्यालय में गुरुवार, 25 सितंबर को प्रतिमा अनावरण एवं लाभुक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगभग 300 करोड़ की लागत से कुल 59 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। पथ निर्माण विभाग द्वारा 41 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से नवगछिया-कटारिया के बीच रेल ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा बिहार भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा 9 करोड़ 39 लाख 66 हजार रुपए की लागत से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), भागलपुर एवं कहलगांव में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत मॉडल डबल स्टोरी प्रीफैब स्ट्रक्चर (जी+1) का उद्घाटन किया जाएगा।
लघु सिंचाई प्रमंडल, भागलपुर की ओर से गोराडीह में 10 करोड़ 9 लाख रुपए की लागत से बरहरी बांध, मलछत्ता पईन, पिपरा तरबन्ना पईन, नदियांमा बांध, मुक्तापुर पईन, रायपुरा कंसोल पईन, बहादुरपुर पईन, कालगीगंज पईन, जकरमा पईन समेत कुल 10 योजनाओं का उद्घाटन होगा। अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग और योजना एवं विकास विभाग द्वारा रंगरा चौक और खरीक प्रखंड में महादलित टोला में सामुदायिक भवन सह वर्क शेड का निर्माण कराया गया है, जिसका लोकार्पण किया जाएगा।

भवन निर्माण विभाग द्वारा 1 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से सुल्तानगंज में निरीक्षण भवन का निर्माण, ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा 36 लाख 69 हजार की लागत से 4 योजनाओं का उद्घाटन होगा। बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड द्वारा 30 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से कहलगांव, नाथनगर, सुल्तानगंज, सन्हौला में विद्यालय भवन निर्माण एवं सबौर में स्विमिंग पूल का निर्माण कराया गया है। वहीं, बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा 83 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से गोराडीह प्रखंड में 220 केवी बांका-गोराडीह संरचना लाइन का उद्घाटन किया जाएगा।
इसके साथ ही 159.71 करोड़ रुपए की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसमें बिहार राज भवन निर्माण निगम लिमिटेड की 34 करोड़ 50 लाख 67 हजार की लागत से नवगछिया, गोराडीह, नाथनगर और इस्माइलपुर खरीक में खेल एवं संरचना का निर्माण, नाथनगर के गोसाई दासपुर में प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय सह चिकित्सक आवास निर्माण कार्य शामिल है।

लघु सिंचाई प्रमंडल भागलपुर की 24 करोड़ 83 लाख 47 हजार की लागत से दरियाचक चेक डैम, फाजिलपुर वियर, तरछा वियर, अगरपुर मच्छीपुर वियर, श्रीरामपुर दरियाचक चेक डैम, सोन नदी पर मोहनपुर चेक डैम, पंजमारा वियर और कर्रा नदी पर भरोखर वियर जैसी परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
ग्रामीण विकास अभिकरण भागलपुर की 18 लाख 60 हजार रुपए की लागत से सुल्तानगंज के भीरखुर्द में ढीम्मा पोखर का सौंदर्यीकरण एवं कुमैठा में चेक डैम का निर्माण होगा। ऊर्जा विभाग की 5 करोड़ 74 लाख रुपए की योजना के तहत गोराडीह और कहलगांव में ग्रिड उपकेंद्रों का विस्तार किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 94 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से जीएनएमसीएच में 100 शैय्या, सदर अस्पताल भागलपुर में 50 शैय्या, नवगछिया में 50 शैय्या का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा सदर अस्पताल भागलपुर में जिला ड्रग वेयरहाउस का निर्माण कराया जाएगा।
इस प्रकार कुल 159 करोड़ 71 लाख 74 हजार रुपए की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 141 करोड़ 99 लाख 84 हजार रुपए की 43 योजनाओं का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इनमें से 24 करोड़ 69 लाख 22 हजार रुपए की योजनाएं प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं का हिस्सा हैं।
















