



भागलपुर। दुर्गा पूजा के आठवें दिन सोमवार को मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। अष्टमी पर्व को लेकर सुबह से ही शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
विशेष रूप से महिलाओं ने पारंपरिक रीति के अनुसार खोइचा भरकर मां दुर्गा को अर्पित किया। मान्यता है कि अष्टमी के दिन खोइचा चढ़ाने से मां दुर्गा भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।

कचहरी चौक स्थित सत्कार क्लब का पूजा पंडाल, नाथनगर का मनसकामना नाथ मंदिर, मानिकपुर, रेलवे कॉलोनी सहित प्रमुख पंडालों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं पंडालों की आकर्षक सजावट और भव्य स्वरूप ने लोगों को खूब आकर्षित किया। इस दौरान कई युवतियां पंडालों के सामने और भीतर भक्ति भाव के साथ-साथ उत्सव के रंग में सेल्फी लेती हुई भी दिखाई दीं।
पूरे दिन पूजा पंडालों में भक्ति, आस्था और उल्लास का वातावरण बना रहा।
















