



भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिश कंपाउंड मैदान में शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भागलपुर से अजीत शर्मा, कहलगांव से प्रवीण सिंह कुशवाहा और सुल्तानगंज से ललन कुमार के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “बीजेपी के लोग उत्तर प्रदेश में रहते हैं, हरियाणा में जाकर वोट करते हैं। नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने हरियाणा में वोट चोरी की, अब बिहार में महागठबंधन के लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटा जा रहा है, लेकिन इस बार बिहार के लोग वोट चोरी नहीं होने देंगे।”
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के किसानों और आम लोगों का कर्ज माफ नहीं होता, जबकि एनडीए सरकार उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये माफ कर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रधानमंत्री ने बिहार को पूरे हिंदुस्तान का मजदूर बना दिया है।”

मीडिया पर भी राहुल गांधी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “आज मीडिया में वही चेहरा दिखाया जाता है जो पैसा देता है। आम जनता की आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन अब देश की जनता सब समझ चुकी है।”
सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और राहुल गांधी के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा।
















