



भागलपुर में साइबर अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला एक होमगार्ड जवान से 92 हजार रुपये की ठगी का सामने आया है। अपराधियों ने बिजली मीटर अपडेट कराने के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल को हैक कर लिया और जवान के दो बैंक खातों से सारे पैसे उड़ा दिए।
घटना को लेकर पीड़ित जवान के पुत्र नितेश कुमार ने भागलपुर साइबर थाना में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

बरारी थाना क्षेत्र के बड़ी खंजरपुर निवासी एवं संयुक्त भवन में तैनात होमगार्ड जवान विनोद कुमार यादव ने बताया कि अपनी बेटी की शादी के लिए उन्होंने बड़ी मेहनत से बैंक में पैसे जमा किए थे। लेकिन 6 नवंबर को वे साइबर ठगी का शिकार हो गए।
कैसे हुई ठगी

साइबर थाना में दिए आवेदन के अनुसार, 6 नवंबर को दोपहर लगभग 12 बजे नितेश कुमार के मोबाइल पर 9263726398 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर कहा कि उनका बिजली मीटर अपडेट नहीं है और मीटर अपडेट कराने के लिए 100 रुपये का रिचार्ज करना होगा।
इसके बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल अचानक काम करना बंद कर दिया। कुछ देर बाद जब मोबाइल चालू हुआ, तब तक बैंक खातों से पूरे 92 हजार रुपये उड़ चुके थे।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम टोल-फ्री नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल साइबर थाना की टीम मामले की छानबीन कर रही है और ठगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
















