



भागलपुर जिले के कजरैली थाना क्षेत्र में एक फूड डिलीवरी बॉय ने अपने घर में जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान गोड्डी बदरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय ज्ञान कुमार, पुत्र दिनेश सिंह के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर कजरैली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक ज्ञान कुमार ने एक नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने लिखा है कि वह अपने मानसिक तनाव के कारण ऐसा कर रहा है और इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। नोट में उसने अपने बड़े भाई पवन कुमार से पिता और तीनों भतीजों का ख्याल रखने का आग्रह भी किया।

पुलिस ने शव के पास से नोट और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मृतक के बड़े भाई पवन कुमार ने बताया कि ज्ञान भागलपुर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी बॉय का काम करता था। वह हाल ही में बांका जिले के मंदार मेला घूमने गया था। घर लौटने के बाद उसने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। जब पिता ने उसे जगाने की कोशिश की, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने खोजबीन शुरू की और घर के पिछले हिस्से में एल्बेस्टरनुमा छत में लगे बांस से गमछे के सहारे ज्ञान पाया गया ।
परिजनों के अनुसार, ज्ञान की मां का 7 फरवरी 2023 को बीमारी के कारण निधन हो गया था। मां की मृत्यु के बाद से वह मानसिक तनाव में था और अक्सर गुमसुम रहता था।













