0
(0)

भागलपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भागलपुर शहरी क्षेत्र और नाथनगर इलाके में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। नगर डीएसपी-2 राकेश कुमार एवं डीएसपी-1 अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में निकला यह मार्च शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

फ्लैग मार्च की शुरुआत ललमटिया थाना परिसर से हुई। इसके बाद पुलिस बल पासीटोला पहुंचा और वहां से एनएच-80 होते हुए नाथनगर थाना चौक, मदनीनगर, विशहरी स्थान चौक तथा नरगा क्षेत्र तक मार्च किया। पूरे मार्ग में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया।

डीएसपी राकेश कुमार ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य समाज में यह स्पष्ट संदेश देना है कि होली और माह-ए-रमजान जैसे पवित्र अवसरों पर किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या विघ्न डालने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्थिति पर सतर्क नजर रखे हुए है तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी प्रकार की नई बुकिंग स्वीकार न करें। आदेश का उल्लंघन करने पर साउंड सिस्टम जब्त कर संबंधित संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

डीएसपी ने जानकारी दी कि बीते शनिवार को ललमटिया थाना पुलिस द्वारा छह डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए गए थे। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन आदेशों के पालन को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

फ्लैग मार्च के दौरान राजीव रंजन सिंह, दीपक पासवान, सफदर अली सहित मोजाहिदपुर थाना के इंस्पेक्टर तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि भागलपुर में होली और रमजान दोनों पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: